महासमुन्द

प्रधानमंत्री आवास के नाम फोटो खींचने के बहाने ले उड़े जेवर
24-Jun-2025 3:46 PM
प्रधानमंत्री आवास के नाम फोटो खींचने के बहाने ले उड़े जेवर

महासमुंद, 24 जून। क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के नाम गहने लेकर फरार होने वाले ठग गिरोह फिर सक्रिय हो गए हैं। इससे पहले जोगीडीपा, तोरला, छिंदौली आदि गांवों में भी इसी प्रकार के ठगी के मामला सामने आ चुके हैं। शातिर चोरों द्वारा प्रधानमंत्री आवास अधिकारी बनकर ग्रामीण क्षेत्र के उन महिलाओं को अपना शिकार बनाया जाता है, जो घर में अकेली रहती हैं। पहले तो ये शातिर अपने आप को प्रधानमंत्री आवास अधिकारी बताते हैं, उसके बाद फोटो खींचने के महिलाओं से उनके पहने हुए जेवर उतरवा लेते हैं। उसके बाद एक व्यक्ति उन्हें फोटो खींचने के बहाने उलझाकर रखते हैं और दूसरा शातिर गहने-जेवर पर हाथ साफ कर देते हैं।

ताजा मामला ग्राम मोंगरा का है। यहां भी महिला को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने की बात कहते हुए फोटो खींचने के बहाने आरोपियों ने महिला से पहने हुए सोने चांदी के जेवर उतरवाए तथा मौका मिलते ही जेवर पर हाथ साफ कर दिये। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर कोतवाली महासमुंद में प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रार्थिया ग्राम मोंगरा निवासी पुनिया बाई ध्रुव ने कोतवाली पुलिस को बताया कि 18 जून की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी नतनीन चुम्मन ध्रुव के साथ घर से लगा हुआ बाड़ी में काम कर रही थी। उसी समय मोटर सायकल से दो व्यक्ति आए और अपने आप को प्रधानमंत्री आवास से संबंधित अधिकारी बताते हुए कहा कि आपका पीएम आवास में नाम आया है। इसलिए आपका फोटो खींचना है। जो गहने आप पहनी हैं, वह यदि फोटो में दिखाई देगा तो आपका आवास निरस्त हो जाएगा, इसलिए आपको गहने उतारना पड़ेगा।

          तब महिला ने गले में पहने चांदी का माला 10 तोला, कान में पहने सोने का टॉप्स 2 ग्राम तथा हाथ में पहनी ऐंठी 16 तोला को निकाल कर कमरे में रखी दी और घर का दरवाजा बंद कर बाहर आ गई। एक व्यक्ति उसे व उसकी नतनीन को फ ोटो खींचने के बहाने बाड़ी की ओर ले गया और दूसरा व्यक्ति दरवाजा के पास खड़ा हो गया। फ ोटो खींचने के बाद उसने कहा कि आपका काम हो गया। जाते-जाते कहा कि बड़े साहब आपके घर आएंगे। कुछ समय पश्चात घर अंदर जाकर जहां गहने रखे थे वहां देखा तो उसके जेवर 10 तोला चांदी की माला कीमत 8000 रुपए, सोने का टाप 2 ग्राम कीमती 18 हजार रुपए, हाथ की ऐंठी 16 हजार रुपए कुल 39 हजार रुपए नहीं थे।

प्रार्थिया की नतनीन ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के मोटर सायकल का रंग काला नीला था जिसका नंबर सीजी 22 एई 3985 था। पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोट पर अज्ञात चोरों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 3-5, 305, 319-2, 331-3द्ध के तहत प्रकरणा दर्ज कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट