महासमुन्द

जियो टैग होने के बाद पीएम आवास की किश्त बंद, 7 परिवार बेघर
20-Jun-2025 3:37 PM
जियो टैग होने के बाद पीएम आवास की किश्त बंद, 7 परिवार बेघर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 20 जून । प्रधानमंत्री आवास की किश्त की मांग को लेकर कल ग्राम लाफिन खुर्द के 7 परिवार ने कलेक्टोरेट पहुंचकर गुहार लगाई और आवेदन सौंपा। 

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 100 साल से इस भूमि पर काबिज है। प्रत्येक परिवार के लिए पीएम आवास की राशि स्वीकृत है तथा जियो टैग होने के बाद से ही किश्त बंद हो गई। ऐसे में बारिश के दौरान पलंग की ओट और तिरपाल बांध कर ग्रामीणों को गुजर-बसर के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

सभी ग्रामीण जनपद सदस्य जुगनू चन्द्राकर के साथ पहुंचे थे। ग्रामीणों ने अपनी ने पीड़ा बताई कि जियो टैग होने के बाद को अपने पुराने कच्चे मकान को तोड़ चुके हैं अब न उनकी राशि आ रही और न रहने के लिये जगह है। ग्रामीण राधिका पति भीखम, अगनी पति अशोक कुमार, गौकरण पति चैनदास मारकंडे, नेहा बंजारे पति देवाराम, भगवति पति घसियाराम, रामबाई पति दाउलाल, मंगतीन पति भगवान दास ने बताया कि उनके नाम पर प्रधानमंत्री आवास शासन द्वारा स्वीकृत किया और एक दो किश्त राशि प्रदान किया है।

 जिसके तहत हमने अपने-अपने मकान को तोडक़र तथा बराबर कर नया आवास निर्माण शुरू कर दिये हैं। परंतु अधूरा निर्माण के चलते अब शासन द्वारा हम लोगों की जमीन शासकीय काबिज जमीन पर होने के कारण आवास का किश्त की राशि प्रदान नहीं किया जा रहा है। इससे हमारा परिवार बेघर हो गया है। उसी जमीन पर आवास स्वीकृत करने पर आवास तोड़ा गया है, अब हमारे लिये रहने की गंभीर समस्या हो गई तथा हम अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर कहां जाएंगे।  हम खुले आसमान में रहने विवश हो गये हैं। ग्रामीणों ने मांग करते कहा कि हमारे नाम स्वीकृत आवास की राशि पूरी दिलवाई जाए।


अन्य पोस्ट