महासमुन्द

ढाई एकड़ की अनुमति, 100 एकड़ में रेत डंप-बैज
20-Jun-2025 2:50 PM
ढाई एकड़ की अनुमति, 100 एकड़ में रेत डंप-बैज

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने किया बरबसपुर रेत घाट का निरीक्षण

 कहा-ऐसा लग रहा जैसे हम राजस्थान में हों

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 20 जून। बरबसपुर स्थित रेड भंडारण स्थल का कल निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश भर में रेत का अवैध रूप से उत्खनन जारी है। कहीं रेत माफिया चाकूबाजी कर रहे तो कहीं गोली चला रहे हैं। बलौदाबाजार में तो ग्रामीण को खंबे से बांधकर मारा गया। वहीं, बलरामपुर में सिपाही को ट्रैक्टर से कुचला गया। माफिया का राज चल रहा है तथा प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। निश्चित तौर पर कांग्रेस इसके लिये जमीन से लेकर संसद तक की लड़ाई लडऩे तैयार है। विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। रेत के इस मुद्दे को कांग्रेस प्रमुखता के साथ उठाएगी।

 कांग्रेसाध्यक्ष श्री बैज ने बरबसपुर रेत घाट का निरीक्षण किया। जहां पाया गया कि 3 लोगों को ढाई एकड़ भूमि में रेत भंडारण की अनुमति है। लेकिन, यहां लगभग 100 एकड़ में रेत डंप है। 3-4 माह से रेत डंप करने का खेल चल रहा है। लेकिन, प्रशासन सोया हुआ है। खुलेआम रेत माफिया सरकार के साथ मिलकर भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान श्री बैज ने कहा कि लगातार रेत खदानों में चाकूबाजी, गोलीकांड तथा सिपाही को ट्रैक्टर से कुचलने तथा पत्रकारों पर हमला जैसे घटनाओं को देखते हुये ही कांग्रेस ने प्रदेश भर के रेत खदानों का निरीक्षण करने की योजना बनाई कि आखिर इस तरह की घटनाएं घट क्यों रही है? वर्तमान में बरबसपुर रेत भंडारण स्थल पर 20 करोड़ रुपए का अवैध रेत डंप है। महानदी का सीना चीर कर माफिया अवैध रेत उत्खनन को अंजाम दे रहे हैं। कांग्रेसजनों ने कहा कि हमें लग रहा है कि हम लोग छग में नहीं बल्कि, राजस्थान में हैं। यहां तो रेत का पूरा पहाड़ बना है। सरकार है कि जंगल राज है।

बरबसपुर में तीन लोगों को रेत भंडारण के लिए अनुज्ञा दी गई थी, जो 8 हजार टन घन मीटर रेत भंडार कर सकते थे। लेकिन, रेत माफियाओं ने 62 हजार टन घन मीटर रेत का भंडारण कर रखा है। खनिज विभाग ने दो दिन पहले बरबसपुर में 43 निजी भूमि स्वामी एवं 14 संग्रहण भूमि पर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त कर लिया और 2 करोड़ 18 लाख रूपये का अर्थदंड लगाया और भंडारण के दिये अनुज्ञा को बंद कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष  रश्मि चंद्राकर, पूर्व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कर्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट