महासमुन्द
महासमुंद,16 जून। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर में एक तेज रफ्तार आयशर वाहन ने मोटर साइकिल को टक्कर मारी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पौंसरा निवासी रघुनाथ प्रधान ने बताया कि 24 मई को वह अपने गांव पौंसरा से छुईपाली टोल प्लाजा मजदूरी के लिए जा रहा था। उसके साथ पर्रापाट निवासी दिनेश यादव था, जो अपनी मोटर सायकल चला रहा था। रघुनाथ ने बताया कि सुबह ग्राम सिंघनपुर स्थित बजाज शोरूम के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही आयशर वाहन के चालक ने अपने वाहन को तेज गति, लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी मोटर सायकल को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण दोनों मोटर सायकल सहित गिर पड़े और दोनों को चोटें आई। पश्चात उन्हें टोल प्लाजा के 1033 एम्बुलेंस वाहन से शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को रायपुर रेफर कर दिया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आयशर वाहन चालक पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।