महासमुन्द
ठाकुरदिया खुर्द में पंचायत की सख्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 जून। महासमुंद जिले के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में पंचायत की सख्ती और लगातार जागरुकता अभियान के चलते अवैध शराब की बिक्री में बेतहाशा कमी आई है। पंचायत की बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार हाल ही में पहली बार गंगा सिन्हा को शराब बेचने के आरोप में 20 हजार रुपए का नकद जुर्माना लगाया गया। वहीं मंगेश्वर सिन्हा को सूचना देने पर 2 हजार रुपए का ईनाम पंचायत द्वारा दिया गया। दोनों पक्षों से सहमति पत्र लिखवाया गया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लड़ाई-झगड़ा नहीं करेंगे। अन्यथा मामला सीधे थाने तक जाएगा।
मालूम हो कि ठाकुरदिया पंचायत ने कोटवार के माध्यम से गांव में लगातार मुनादी कराई है कि अवैध शराब बेचना बंद कर दो। इसके अलावा पंचायत द्वारा लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि नशा सिर्फ परिवार को ही नहीं, पूरे समाज को बर्बाद करता है। इसके बावजूद जो लोग नियम नहीं मान रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिले के ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द ने अवैध शराब की बिक्री पर कड़ा कदम उठाते हुए पूरे क्षेत्र में मिसाल पेश की है। पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि अब गांव में कोई भी अवैध शराब बेचता पाया गया तो उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही शराब बिक्री की सूचना देने वाले को 2 हजार रुपए का इनाम भी दिया जाएगा। यह निर्णय पंचायत के सरपंच मनोज सिन्हा के नेतृत्व में लिया गया। इसमें उपसरपंच समेत पंचों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मालूम हो कि कुछ दिन पहले तक ठाकुरदिया खुर्द के अधिकांश घरों में अवैध शराब की बिक्री आम बात थी। गांव में शिक्षा और जागरुकता की कमी के कारण लोग इस प्रथा में लिप्त थे। लेकिन सरपंच मनोज सिन्हा और उनकी टीम ने जब प्रशासन की सुस्ती के खिलाफ मोर्चा खोला तो गांव में एक नई चेतना का संचार हुआ है। ठाकुरदिया खुर्द पंचायत की इस सख्ती और जागरुकता अभियान का असर अब आसपास के ग्रामों में भी दिखने लगा है। वहां की महिलाएं अब अवैध शराब के विरूद्ध खुलकर मोर्चा खोल रही हैं।
जानकारी अनुसार क्षेत्र के कई गांवों में महिलाएं एकजुट होकर पंचायतों से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं। ठाकुरदिया खुर्द की महिलाएं भी इस मुहिम में आगे है और पूरे क्षेत्र में जागरुकता की लहर है। गांव में शिक्षा और जागरुकता की कमी के बावजूद सरपंच मनोज सिन्हा लगातार संसाधनों को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में पानी की मूलभूत सेवा को वार्डों तक पहुंचाने के लिए पंचायत को नया टैंकर भी मिला है। इससे ग्रामीणों को स्वच्छजल उपलब्ध हो सकेगा। सरपंच की इस पहल की गांव के शिक्षित वर्ग और महिलाओं ने खुलकर सराहना की है। मनोज सिन्हा ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे आगे आएं और शराबबंदी अभियान में सहयोग करें। हमारा लक्ष्य सिर्फ अवैध शराब पर रोक लगाना नहीं,बल्कि पूरे गांव को नशामुक्त बनाना है।