महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15जून। अंडर-16 एशिया कप साबा क्वालिफायर के लिए साउथ एशिया जोन की टीम का चयन किया जाना है। इसके लिए मालदीव में एशिया कप क्वालीफायर बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है।
भारतीय बास्केटबॉल बालिका टीम में छत्तीसगढ़ से महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी पिता विनोद रंगारी शामिल हैं। दिव्या राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर इंडिया टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहीं। इससे पहले दिव्या ने सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। दिव्या मिनी स्टेडियम महासमुंद में नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शामिल होकर इंडिया टीम में जगह बनाने में सफल रहीं।
नेशनल कोचिंग कैंप ऑफ इंडिया अंडर 16 वूमेन नेशनल बास्केटबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 18 मई से 11 जून 2025 तक नेशनल स्पोट्र्स सेंटर चेन्नई में आयोजित किया गया था। जिसमें महासमुंद की दिव्या रंगारी का चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ था। नेशनल कैंप के पश्चात भारतीय बास्केटबॉल टीम में दिव्या का चयन हुआ। भारतीय बास्केटबॉल टीम में छग से एक मात्र बालिका खिलाड़ी महासमुंद जिले से दिव्या का चयन होने पर राजीव जैन अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ, चेयरमैन विजय अग्रवाल नरेश आदि ने शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले दिव्या ने राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ प्रदेश की टीम से खेलते हुए सबसे अधिक अंक बनाएं थे। छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया था। दिव्या ने 48वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2023 में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही हैं जिसमें दिव्या ने अच्छा प्रदर्शन किया था।