महासमुन्द

समितियों में खाद नहीं, किसान परेशान
15-Jun-2025 3:39 PM
समितियों में खाद नहीं, किसान परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,  15 जून। महासमुंद जिले में किसान खरीफ सीजन में धान की फसल के लिए खेती -किसानी में जुट गये, पर सरकारी समितियों में खाद की उपलब्धता नहीं होने के कारण किसान परेशान हैं। जिले के आला अधिकारी खाद के किल्लत को स्वीकार करते हुए डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) खाद की जगह एनपीके ( नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटेशियम) खाद देने की बात कह रहे हैं। इस पर विडम्बना यह है कि सरकारी समितियों में एनपीके खाद भी उपलब्ध नहीं है।

 

मालूम हो कि महासमुंद जिले में लगभग 1 लाख 62 हजार किसान पंजीकृत है, जो खरीफ सीजन में 2 लाख 47 हजार हेक्टेयर में धान की फसल लगायेंगें। जिसके लिए 66 हजार टन खाद का लक्ष्य है। जिसमें यूरिया, पोटास, राखड़ एवं डी ए पी ( विकल्प के तौर पर एन पी के) की आवश्यकता है । जिसके एवज में 15 हजार टन खाद का भण्डारण किया गया है जिसे वितरण किया जा रहा है। 51 हजार टन खाद अभी उपलब्ध नही हो पाया है।

विभागीय जानकारी अनुसार पिछले साल की तुलना में डी ए पी का लक्ष्य घटाकर 5 हजार टन कर दिया गया , जिसमें 2 हजार टन डी ए पी जिले को मिल पाया था।

 जिसका वितरण कर दिया गया। वर्तमान में समितियों में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट