महासमुन्द

महासमुंद में नए वेरिएंट के कोरोना मरीज की पुष्टि होम आइसोलेशन में
13-Jun-2025 3:23 PM
महासमुंद में नए वेरिएंट  के कोरोना मरीज की पुष्टि  होम आइसोलेशन में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13जून। पूरे ढाई साल बाद फिर एक बार कोरोना अपने नए वेरिएंट के साथ दस्तक दे चुका है। गुरुवार को जिले भर में 10 संभावितों की जांच की गई। जिसमें से 1 मरीज के पॉजीटिव आने की पुष्टि हुई है। मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी तबीयत पहले से बेहतर है।

मालूम हो कि प्रदेश में कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर महासमुंद जिला पहले ही अलर्ट मोड पर था। मिली जानकारी के अनुसार मरीज को समय से सर्दी, खांसी, हाथ-पैर में दर्द एवं बुखार की शिकायत थी। जिसके बाद डॉक्टरों ने उनमें कोरोना के नए वेरिएंट के लक्षण को देखते हुए उनका आरटीपीसीआर जांच की। जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आया।

इसके बाद उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। कोरोना प्रभारी डॉ.चंद्राकर ने बताया कि कोरोना के नए वेरिएंट्स एनबी. 1.8.1 व एलएफ . 7 की दस्तक और राज्य में इससे संबंधित मामलों के सामने आने के बाद से ही जिला अस्पताल में सर्तकता बढ़ा दी गई है। जिला अस्पताल में 6 बेड का आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट और जंबो सिलेंडर तैयार कर लिए गए हैं। सर्दी, खांसी और बुखार के लगभग 60-70 मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। सर्दी-खांसी और बुखार पीडि़तों को यह समस्या सामान्य है। कई लोग मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह से भी सर्दी-खांसी और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा मौसम परिवर्तन के समय भी सदी-खांसी और बुखार पीडि़तों की संख्या औसतन ज्यादा ही रहती है।

 

मास्क लगाना अनिवार्य

 जिन मरीजों में कोरोना के अधिक लक्षण दिखाई दे रहे हैं अब उनकी जांच भी शुरू कर दी गई है। साथ ही शासन के निर्देश के बाद से ही मेडिकल कॉलेज सहित जिला अस्पताल व सभी शासकीय अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स सहित कर्मचारियों को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

कोरोना के प्रभारी चिकित्सक डॉ. छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि देश में कोरोना के नए वेरिएंट को देखते हुए राज्य शासन से मिले निर्देश के बाद से ही लंबे समय से सर्दी, खांसी, हाथ-पैर दर्द एवं बुखार की शिकायत वाले ऐसे व्यक्ति जिनमें कोरोना के सर्वाधिक लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उनकी जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक 10 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की जा चुकी है, उनमें से एक को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।


अन्य पोस्ट