महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 10 जून। शहीद स्मारक समिति द्वारा 9 जून 2011 को नक्सली हमले में शहादत प्राप्त हुए महासमुंद जिले के शहीद राजेंद्र दीवान शहीद ताराचंद निर्मलकर और शहीद चंदन सिंह पोर्ते को श्रद्धांजलि देते हुए सभा का आयोजन किया गया। समिति के सदस्य एवं शहीद परिवारों के द्वारा स्मारक परिसर में पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्जवलित किया गया।
सभा को सर्वप्रथम आरती कालसा ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर प्रारंभ किया। शहीद कमलेश्वर सोनवानी के पिता रामेश्वर सोनवानी द्वारा शहीद स्मारक समिति के कार्यों की प्रशंसा की गई एवं शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। समिति के सक्रिय सदस्य सुरेंद्र सलूजा के द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्तिमय बना दिया अगले वक्ता के रूप में ग्राम जामपाली के रामलाल ध्रुव बलरामपुर जिले में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं, ने तीनों शहीदों एवं सोमवार को नक्सल आईईडी ब्लास्ट में शहीद आकाश राव गिरिपुंजे को भावपूर्ण सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बताया कि शीघ्र ही पूरे प्रदेश से नक्सलियों का खात्मा पुलिस एवं सेना के जवानों के द्वारा किया जाएगा। नक्सली बेल्ट में रहते हुए अपने कार्यकाल केअनुभव को उन्होंने सभी के बीच साझा किया। अंत में समिति के वरिष्ठ सदस्य अनंत सिंह वर्मा ने सभी शहीदों को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समिति के सभी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन संतोष गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शहीद परिवार से बृजलाल पटेल रामेश्वर सोनवानी समिति के सदस्य कौशल किशोर साहू, एमके साहू रमेश सोनी किशोर नायक शुभम अग्रवाल, सरोज साव, रानी ठाकुर एवं समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंत में सभी सदस्यों ने 2 मिनट का मौन धारण कर चारों शहीदों को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उपरोक्त जानकारी समिति के सदस्य रितेश मंहती ने दी।