महासमुन्द
महासमुंद, 10 जून। दैनिक समाचार पत्रों में ‘लहरौद की 70 वर्षीय प्रतिभा मसीह की पुकार को प्रशासन द्वारा नजर अंदाज किया जा रहा है एवं प्रशासन उदासीन है’के संबंध में खबर प्रकाशित होने पर पिथौरा एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह ने संज्ञान लेते हुए आवेदक एवं अनावेदिका को समझाइश देते हुए उक्त भूमि के संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट किया है।
उन्होंने बताया कि पिथौरा तहसील अंतर्गत ग्राम लहरौद स्थित वाद भूमि खसरा क्रमांक . 657.2 रकबा 0.73 हेक्टेयर बड़े झाड़ के जंगल मद में दर्ज है। अर्थात मूलत: शासकीय भूमि है, जिसमें आवेदिका प्रतिभा मसीह द्वारा 49.32,1568 वर्गफीट में अतिक्रमण कर कब्जा कर मकान बनाया गया था। 22 जनवरी 2019 में आवेदिका प्रतिभा मसीह एवं अनावेदिका गंगादेवी ध्रुव के मध्य 50 रूपए के स्टाम्प पेपर में राशि 73 हजार रुपए का गिरवीनामा हुआ था एवं 6 माह में राशि लौटाने का जिक्र करते हुए उपरोक्त मकान के एवज में ली गई रकम एवं मकान निर्माण में आए हुए खर्च को पूरी तरह से अदायगी होने तक गिरवीकर्ता द्वारा आपत्ति दावा नहीं किया जाएगा। उल्लेखित है कि दिसंबर 2019 से गंगादेवी उस मकान में निवासरत है। इस प्रकार शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा व निर्माण कर निवास किया जा रहा है। शासकीय भूमि होने के कारण आवेदिका व अनावेदिका दोनों का ही भूमि पर किसी भी प्रकार का कोई भी दावा नहीं है।
अनावेदिका चूंकि शासकीय सेवा में है, इसलिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए इसकी सूचना दी जाएगी।