महासमुन्द

प्रदेश के साढ़े 10 हजार स्कूल बंद, 45 हजार शिक्षकों के पद खत्म, यह शिक्षा विरोधी कदम-यदु
08-Jun-2025 9:41 PM
प्रदेश के साढ़े 10 हजार स्कूल बंद, 45 हजार शिक्षकों के पद खत्म, यह शिक्षा विरोधी कदम-यदु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 जून। कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं सहायक महामंत्री दिनेश यदु ने कहा कि विष्णुदेव सरकार नए सेटअप के नाम पर स्कूलों में शिक्षकों के न्यूनतम पदों की संख्या में कटौती कर शिक्षक के हजारों पद खत्म करना चाहती है। शिक्षकों की नई भर्तियां न करना पड़े, इसलिए युक्तियुक्तकरण कर रही है। युक्तियुक्तकरण रोजगार और शिक्षा विरोधी कदम है। इस कदम का हम विरोध करते हैं और इसके खिलाफ  जमीनी लड़ाई लड़ी जाएगी। श्री यदु कल दोपहर कांग्रेस भवन का में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित के कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि युक्तियुक्तकरण के कारण प्रदेश में 45 को हजार से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त हो जाएंगे। कुल 10463 स्कूल बंद कर दिए हैं। इससे पहले भी रमन सरकार ने 3300 से अधिक स्कूल बंद और 12 हजार शिक्षकों के पद समाप्त किये गये थे। यह सरकार शिक्षा विरोधी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शालाओं में पहली व दूसरी में तीन.तीन विषय एवं तीसरी, चौथी, पांचवी में चार.चार विषय के अनुसार कुल 18 विषय होते हैं। वर्तमान में तीन शिक्षकों को 40 मिनट की 6.6 कक्षाएं लेनी पड़ेगी।

श्री यदु ने कहा कि नए सेटअप के तहत प्राइमरी, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलो में शिक्षकों के न्यूनतम पदों में कटौती से नियमित शिक्षकों के पद पर नई भर्ती के अवसर भी कम हो जाएंगे। 58 हजार शिक्षकों के पद खाली है। विधानसभा में घोषणा की गई थी कि 35 हजार पद भरे जाएंगे। इस वर्ष बजट में भी 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की बात की गयी। लेकिन यह भर्तियां न करनी पड़े, इसलिए 45 हजार पद समाप्त किए जा रहे हैं। जब पद ही खाली नहीं रहेंगे तो भर्ती कहां से करेंगे। उन्होंने कहा कि हर महीने सैकड़ों शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। वर्षों से शिक्षकों का प्रमोशन रुका हुआ है। स्थानांतरण को लेकर कोई ठोस नीति सरकार नहीं बना पाई। समयमान वेतनमान का विवाद अब तक लंबित है। ऐसे में सरकार के इस शिक्षा विरोधी फैसले के खिलाफ पूरे प्रदेश में आक्रोश है।

 पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, शहर ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल आदि कांग्रेसी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट