महासमुन्द

लाखों की गड़बड़ी, आबकारी अफसर निलंबित
07-Jun-2025 4:10 PM
लाखों की गड़बड़ी, आबकारी अफसर निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 जून। छत्तीसगढ़ शासन ने शासकीय कार्य में अनियमितता, गूगल पे, फोन पे आदि के जरिए बिक्री बंद रखने, तय दर से अधिक मूल्य पर मदिरा विक्रय, स्टॉक में गंभीर कमी और बिक्री राशि में लाखों रुपए की गड़बड़ी के मद्देनजऱ महासमुंद जिले के प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी निधीश कुमार कोष्टी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत की गई है। निलंबन अवधि में निधीश कुमार कोष्टी का मुख्यालय आबकारी आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि 29 मई को आबकारी विभाग मुख्यालय रायपुर के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा महासमुंद जिले के घोड़ारी स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण से पूर्व एक ग्राहक को 500-500 रुपए की कुल 4 नोट यानि कुल 2000 रूपए देकर मदिरा खरीदने भेजा गया। निर्धारित मूल्य 1760 रुपए के स्थान पर विक्रयकर्ता द्वारा 2000 रुपए में मदिरा बेचा गया। पूछताछ में विक्रयकर्ता ने अधिक मूल्य पर विक्रय की बात स्वीकार की। स्टॉक के भौतिक सत्यापन में 1886 नग देशी मदिरा मसाला की कमी और एक 8 हजार रुपए की आर्थिक गड़बड़ी पाई गई। साथ ही बिक्री राशि की तुलना में नगदी में 3 लाख 8 हजार रुपए और विदेशी मदिरा में एक लाख 99 हजार रुपए की कमी पकड़ में आई।  इस प्रकार कुल 6 लाख 96 हजार रुपए की वित्तीय अनियमितता का मामला पकड़ में आया। उपरोक्त अनियमितताओं को देखते हुए राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के तहत प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी महासमुंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की कार्रवाई की गई है।

 

आबकारी आयुक्त ने बताया कि इससे पूर्व में 3 मई 2025 को राज्य स्तरीय उडऩदस्ता द्वारा बागबहरा महासमुंद में ओडि़शा निर्मित और केवल ओडि़शा में वैध 351.17 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई थी। जिसमें तीन प्रकरण दर्ज हुए और फरार आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं 34-2, और 59-क के तहत कार्रवाई की गई।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में शासकीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महासमुंद में की गई यह कार्रवाई, सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण है।

 इस निलंबन के बाद जिले में अवैध मदिरा और वित्तीय गड़बड़ी के बड़े खेल पर कसावट की उम्मीद की जा रही है।


अन्य पोस्ट