महासमुन्द

बड़े साजापाली के कोटवार को हटाने तीन सौ ग्रामीण पहुंचे उप तहसील कार्यालय
07-Jun-2025 4:08 PM
बड़े साजापाली के कोटवार को हटाने तीन सौ ग्रामीण पहुंचे उप तहसील कार्यालय

नायब तहसीलदार ने एक महीना के भीतर कार्रवाई का दिया आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 जून। बसना विकासखंड के सबसे बड़े गांव बड़े साजापाली के लोग कोटवार को हटाने के लिए 9 मई को बड़ेसाजापाली में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में आवेदन दिए थे। बीते 27 मई को समाधान शिविर समाप्त होने के बाद भी कोटवार को हटाने के लिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए।

 

 गांव में ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई और गांव में काम बंद कर कोटवार को हटाने के लिए उप तहसील कार्यालय भंवरपुर पहुंचने का निर्णय लिया गया।  जिसके तहत कल 300 से अधिक ग्रामीण कोटवार को हटाने के लिए उप तहसील कार्यालय भंवरपुर के घेराव हेतु पहुंचे। उन्होंने नायब तहसीलदार अर्पण कुर्रे को ज्ञापन सौंप कर 15 दिन के भीतर गांव के कोटवार को हटाने की मांग रखी। नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जो शिकायत पत्र आप लोगों द्वारा दिया गया है। उसके परीक्षण उपरांत एक महीने के भीतर कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद आक्रोशित ग्रामीण अपने गांव बड़ेसाजापाली चले गए । ग्रामीणों ने अपने शिकायत पत्र में बताया है कि बड़ेसाजापाली के कोटवार अगरदास मानिकपुरी ने कोटवारी सेवा भूमि खसरा न. 537 को बेच दी है। सुशासन तिहार में शिकायत दर्ज करने के पश्चात संबंधित खसरा नं.537 में मकान व दुकान के बनाकर रहने वाले मोरध्वज साहू एवं रेखनी साहू, सीताराम साहू पर ग्राम पंचायत बड़ेसाजापाली के ग्रामीणों ने कोटवारी सेवा भूमि को खरीदने बेचने का आरोप लगाते हुए कोटवार को हटाने सुशासन त्यौहार में आवेदन दिया था। 0 बीते 9 मई को आयोजित समाधान शिविर में सरपंच ईश्वरी कुर्रे को प्रशासनिक प्रक्रिया से अवगत कराया गया था। कोटवार के खिलाफ मिले आवेदन पर प्रकरण दर्ज किया गया है। कल बड़ी तादाद में ग्रामीण उप तहसील कार्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों के बीच सार्थक चर्चा हुई है। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत एक महीना के भीतर शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी-अर्पण कुमार कुर्के, नायब तहसीलदार बसना उप तहसील भंवरपुर।


अन्य पोस्ट