महासमुन्द
शिक्षा विभाग कह रहा-कुछ करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अप्रैल। वेडनर ममोरियल स्कूल में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत पढ़ रहे 49 छात्र-छात्राओं के विषय में अब तक शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन किसी भी प्रकार का ठोस निर्णय नहीं ले पाई है। लिहाजा, यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पालक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं तथा कभी डीईओ तो कभी कलेक्टोरेट दफ्तर के चक्कर काटने विवश हैं।
ज्ञात हो कि अल्पसंख्यक संस्थान द्वारा संचालित स्कूल शिक्षा का अधिकार कानून के दायरे में नहीं आती। यानि उन्हें आरटीई को लेकर छूट मिली है।
वेडनर मेमोरियल हाईस्कूल प्रबंधन का कहना है कि पूर्व में यहां 49 बच्चों को आरटीई के तहत 4 साल तक पढ़ाया जाता रहा। लेकिन, शासन की ओर से मिलने वाली आरटीई की राशि संस्था को नहीं मिलने की वजह से संस्था ने बच्चों को पढ़ाने से इंकार कर दिया।
स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट कह दिया कि वे बच्चों को नहीं पढ़ाएंगे, अब जहां एक ओर बच्चों के पालक हलाकान हैं। वहीं, बच्चों को किसी अन्य स्कूल में आरटीई के तहत प्रवेश दिलाना शिक्षा विभाग के लिए गले की हड्डी बन गई है। स्कूल प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को स्पष्ट कहा है कि, उन्हें आरटीई का फायदा नहीं मिलेगा। यदि, पढ़ाई करानी है तो स्कूल की फीस जमा करना पड़ेगा।
इस वक्त इस हाई स्कूल में 49 छात्र-छात्राएं शिक्षा के अधिकार के तहत अध्ययन कर रहे हैं। इन 49 विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि शिक्षा के अधिकार के तहत स्कूल प्रबंधन पढ़ाई कराने से मना कर चुका है। यदि, पढ़ाई करना है, तो फीस चुकानी होगी।
गरीब परिवार के बच्चों के सामने अब यह सवाल खड़ा हुआ है कि, बच्चों की इतनी बड़ी फीस अंग्रेजी माध्यम से कैसे पढ़ाई कराएंगे। शिक्षा विभाग अधिकारियों ने अधिक जानकारी के लिए नए पत्र लिखकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है.
वेडनर मेमोरियल स्कूल से मिली जानकारी के अनुसार संस्था को आरटीई के तहत पढऩे वाले बच्चों की 38 लाख 83 हजार 130 रुपये 2021 से आज तक राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। शिक्षा विभाग में लिखित जानकारी दी गई है। स्कूल प्रबंधन द्वारा बार-बार पत्र लिखकर मांग की गई। लेकिन, शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस संबंध में डीईओ का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की गलती की वजह से ऐसा हुआ है। आरटीई की कोई सीटें रिक्त होगी तो ही उन सीटों पर प्रवेश दिया जा सकता है।