महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 नवंबर। ग्राम अछरीडीह में बन्दरों का आतंक व्याप्त है। हमेशा बन्दरों का झुंड डेरा जमाए रहते हैं। जिसमें से कुछ बन्दर आक्रमक हो चुके हैं। बीते सोमवार को बन्दर ने 2 महिला और एक पुरुष को घायल कर दिया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। मौके में पहुंच कर वन विभाग के कर्मचारियों ने शाम को बंदरों को बगीचा के तरफ खदेड़ा और उत्पाती बन्दर को चिन्हांकित किया। बन्दरों के आतंक व घर के छत और आंगन में उछलकूद से महिलाएं व बच्चे भयभीत हैं।
गांव वाले बताते हैं कि आए दिन बन्दरों का झुंड खाने की चीजें तीतर बित्तर कर उत्पात मचाते हैं। छत में रखे समानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हर रोज दिनभर झुंड में आकर घरों में तबाही मचा रहे हैं। घर में लगे बाड़ी व मौसमी फसल को क्षति पहुंचा रहे हैं। बन्दरों के उत्पात से घायल भुनेश्वर साहू ने बताया कि नहाने के बाद उत्पाती बन्दर को भगाने छत की तरफ गया। वहां बंदर ने उसके हाथ को नाखूनों से खरोंच दिया। जिससे ब्लड आना शुरू हो गया। वहीं गोदावरी पाल नामक महिला के घर में उछाल मार कर उसे भी गम्भीर रूप से घायल कर दिया। बंदरों ने महिला के हाथों और पैर को नोंच कर लहूलुहान कर दिया है। गम्भीर हालात में महिला को जिला अस्पताल खरोरा में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हेमलता साहू घर के छत में कपड़ा सुखाने के लिए चढ़ी थी। अचानक बन्दर ने नोचना शुरू कर दिया व उसे जख्मी कर दिया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों का जायजा लिया है और घायलों को रैबीज का टीका लगवाया है।