महासमुन्द

विस घेराव में शामिल होने गई महासमुंद नपाध्यक्ष धक्का-मुक्की में घायल
25-Jul-2024 2:41 PM
विस घेराव में शामिल होने गई महासमुंद नपाध्यक्ष धक्का-मुक्की में घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई।
कल बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने गई महासमुंद  नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग धक्का-मुक्की में घायल हो गईं। नेताओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाया गया लोहे का एक बैरिकेड्स उनके दाहिने पैर पर गिर गया और वह घायल हो गई। हालांकि वे घायल अवस्था में आंदोलन में डटी रही और समाप्ति के बाद उपचार  कराकर वापस महासमुंद लौट घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रही है। 

मालूम हो कि ाात हो कि कल बुधवार 24 जुलाई को कांग्रेस पार्टी द्वारा विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। तयशुदा कार्यक्रम के  तहत आंदोलन शामिल होने के लिए प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम में  महासमुंद नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की विष्णु देव साय  सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहां संबोधन बाद विधानसभा मार्च के मौके पर नपाध्यक्ष ने बेरिकेट लांघने की कोशिश की तो उनके साथ धक्का.मुक्की की गई। धक्का-मुक्की में हुए भगदड़ के दौरान नपाध्यक्ष महिलांग दाहिने पैर में चोट लगी, जिसके चलते उन्हें सहारे से मंच स्थल तक लाया गया। आंदोलन पश्चात निजी चिकित्सालय में उपचार हेतु भेजा गया।

नपाध्यक्ष ने उक्त शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर राज्य शासन द्वारा किए गए पानी बौछार व अन्य रुकावट को जमकर कोसते हुए कहा कि जिस राज्य में मातृ शक्ति सुरक्षित नहीं है व लोकतंत्र में विपक्षियों के प्रदर्शन को कुचला जाता, वह सरकार राम राज्य व विकास के बड़े दावे करती है। कहा कि सरकार की अलोकतांत्रिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेसजनों का यह आंदोलन पूरे राज्य में शांतिपूर्ण रूप से जारी रहेगा।

नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग के साथ प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से ईशा टंडन, सोनम रामटेके,  सगनजोत सिंघु, रोहित गुरुदत्ता, सोहेल खान, यश चावला, मेहुलस पूरब देवांगन, लता चंद्राकर,माया पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में समर्थक नपाध्यक्ष के साथ शामिल हुए।
 


अन्य पोस्ट