महासमुन्द
उपभोक्ताओं ने अमृत नमक में रेत की शिकायत की थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। खाद्य विभाग के कॉल सेंटर में शासनक द्वारा प्रदाय अमृत नमक में रेत की शिकायत के बाद कल विभाग ने रायपुर से सप्लायर को बुलवाकर नमक के अलग-अलग दुकानों से मिले सैंपलों को पानी में घोलकर देखा। नमक पानी में घुल रहा है। लेकिन बारीक काला व धुंधलापन नमक में कुछ दिखाई दे रहा है। फलस्वरूप खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रबंधक ने रायपुर स्थित आईडीडी लैब में नमक के सेंपल परीक्षण के लिए भेजा है। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि नमक में क्या है। बताया गया है कि एक दो दिवस के भीतर इसकी रिपोर्ट आ जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार आम उपभोक्ता व खाद्य विभाग के कॉल सेंटर से मिली शिकायत के आधार पर छत्तसीगढ़ अखबार में नमक में रेत की मिलावट की खबर प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। समाचार प्रकाशन के बाद खाद्य विभाग,नागरिक आपूर्ति निगम महासमुंद हरकत में आया। उन्होंने तत्काल अमृत नमक के सप्लायर को सेंपल के साथ यहां बुलाया। चूंकि खाद्य विभाग के कुछ कर्मचारियों को भी पूर्व में नमक में मिलावट की शिकायत मिली रही थी। लिहाजा कल विभागीय अफसरों ने सप्लायर के सामने नमक पानी में घोला जिसमें नमक घुलनशील पाया गया। लेकिन इसमें धुंधला कालपान दिख रहा था। लिहाजा इसे जांच के लिये आईडीडी लैब भेजा गया है। कहा जा रहा है कि एक दो दिवस के भीतर रिपोर्ट आ जाएगी।