महासमुन्द

मोदी की सभा 13 को महासमुंद में, जिले के विस साथ ही राजिम, अभनपुर, आरंग, कुरुद के कार्यकर्ता आएंगे
09-Nov-2023 2:49 PM
मोदी की सभा 13 को महासमुंद में, जिले के विस साथ ही राजिम, अभनपुर, आरंग, कुरुद के कार्यकर्ता आएंगे

जिला भाजपा की तैयारी बैठक, बड़े स्तर पर तैयारी शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 नवंबर को जिला मुख्यालय से सटे ग्राम बेमचा के मैदान में सुबह 11 बजे आम सभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी महासमुंद आएंगे। जिले की चारों महासमुंद, खल्लारी, बसना तथा सरायपाली के अलावा तथा पड़ोसी सीटें आरंग, राजिम, कुरुद और अभनपुर से करीब 70 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी में भाजपाई जुट गए हैं।

जारी कार्यक्रम अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को महासमुंद आएंगे। सुबह 11 बजे वे शहर से लगे ग्राम बेमचा के मैदान में 8 विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली भीड़ को संबोधित करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार कल जिला प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारियों ने बेमचा मैदान में जाकर मैदान का अवलोकन किया है। पूर्व में श्री मोदी ने इसी मैदान में सभा को संबोधित किया था। उसी तर्ज पर तैयारियां की जा रही है। श्री मोदी 3 हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ यहां पहुंचेंगे। लिहाजा वहां मंच के पीछे 3 हेलिपेड बनाये जा रहे हैं। आज गुरूवार को एसपीजी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप का दस्ता यहां पहुंच सकता है। आज भी सुबह से सभा स्थल पर टेंट व अन्य सभी तैयारियां शुरू की जा रही है। 

श्री मोदी के कार्यक्रम प्रभारी वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल ने बताया कि श्री मोदी के आगमन की तैयारी पार्टी ने बड़े स्तर पर शुरू कर दी है। आज सभी मंडलों में बैठक होगी। श्री मोदी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और सांसद चुन्नीलाल साहू होंगे। 

श्री अग्रवाल ने बताया कि जिला भाजपा कार्यालय में कल जिला भाजपा की बैठक में कार्यक्रम को लेकर जिम्मेदारियां दे दी गई है। जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर ने कल शाम जारी विज्ञप्ति में बताया कि उक्त बैठक में प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रुपकुमारी चौधरी ने कहा कि दीपावली और चुनई तिहार के अवसर पर प्रधानमंत्री का आगमन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और उत्साह भरेगा। प्रभारी शंकर अग्रवाल, सांसद चुन्नीलाल ने कहा कि मोदी जी का आगमन महासमुंद की पावन धरा पर दीपावली और चुनाव पूर्व के उत्साह को और बढ़ाएगा। बैठक को सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने भी संबोधित किया। संचालन एवं आभार महामंत्री प्रदीप चन्द्राकर एवं संजय शर्मा ने किया।
कार्यक्रम प्रभारी वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर अग्रवाल ने तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन एवं दिशा.निर्देश देते हुए कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननायक प्रधानमंत्री श्री मोदी को सुनने का अवसर हमें मिलेगा। बैठक संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को एकजुटता से कार्य करते हुए लोकसभा की सभी सीटों को जीतकर हम मोदी जी को सौगात देने की बात कही। 

इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रीतम दीवान, परेश बागबाहरा प्रदेश सदस्य, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, महासमुंद विधानसभा संयोजक चंद्रहास चन्द्राकर, चुनाव संचालक संदीप दीवान, खल्लारी विधानसभा संयोजक प्रेमशंकर पटेल, बसना प्रभारी अमरजीत छाबड़ा,भाजपा नेता मोती साहू, गरियाबंद जिलाध्यक्ष राजेश साहू सहित कार्यसमिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट