महासमुन्द

संतान की दीर्घायु के लिए माताओं ने रखा व्रत
06-Sep-2023 10:07 PM
संतान की दीर्घायु के लिए माताओं ने रखा व्रत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 सितंबर। मंगलवार को शहर सहित अंचल में हलषष्ठी पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। व्रती माताओं ने संतान की दीर्घायु की कामना से व्रत रखा और सगरी कुंड में जल, पुष्प आदि अर्पण करते हुए पूजा-अर्चना की।

शहर में जगह-जगह सगरी बनाकर विधि-विधान के साथ पूजन किया तथा इसकी कथा भी सुनी। पश्चात सायंकाल पसहर चावल का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। शहर के प्रत्येक मुहल्ले में सगरी बनाकर पूजा अर्चना की गई। कहा जाता है कि इस व्रत के पारण से नि:संतान को संतान प्राप्त होती है तथा संतानें दीर्घायु होती हैं।  

महिलाओं के लिए हलषष्ठी पर्व के मद्देनजर शहर के प्रत्येक मोहल्लों में व्रती माताओं की आवाजाही दिन भर रही। माताओं के अलावा नव विवाहित महिलाओं ने भी संतान की कामना के लिये भी व्रत रखा। सुबह महिलएं लाई, कांसी, दोना, पतरी, 6 प्रकार की भाजी तथा पूजन सामग्री के लिए भैंस के पंचगव्य एकत्र करने में जुटी रहीं।

शाम को सगरी में दूध, दही, पानी आदि अर्पण के बाद महिलाओं को हलषष्ठी की कथा सुनाई गई। मालूम हो कि यह व्रत भगवान कृष्ण के बड़े भाई बलराम के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है तथा उपवास रख विधि.विधान से सगरी बनाकर भगवान शिव.पार्वती की पूजा करके भोग लिया जता है।

अत: मध्यान्ह में माताओं ने सगरी बनाई व उसमें जल भर कर बेर आदि की टहनियां व कांशी से सजावट कर सामूहिक पूजन किया। पश्चात लाई, महुवा तथा बिना हल चली 6 प्रकार की शॉक सब्जियों का प्रसादी ग्रहण किया।


अन्य पोस्ट