महासमुन्द
विधायक ने विधानसभा क्षेत्र सहित दिनचर्या की जानकारी दी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 नवंबर। विश्व बाल दिवस सप्ताह के आखरी दिन कल रविवार को सेंट्रल स्कूल का छात्र 13 वर्षीय नैतिक साहू एक दिन के लिए विधायक बना। महासमुंद विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने नैतिक को अपनी कुर्सी प्रदान करने के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र सहित दिनचर्या की जानकारी दी। मालूम हो कि यूनिसेफ और मीडिया कलेक्टिव फॉर चाइल्ड राइट्स एमसीसीआर के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 20 नवंबर विश्व बाल सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बाल अधिकारों के प्रति लोगों को सजग, सचेत और सहयोग करने का संदेश देने के
लिए किड्स टेक ओवर के तहत स्कूली छात्रों को एक दिन का सांसद, विधायक, पुलिस बनाया गया। एमसीसीआर मीडिया कलेक्टिव फॉर चाइल्ड राइट्स सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का समूह है, जिनकी ओर से बच्चों के अधिकारों के लिए आम जनता को जागरूक करने का एक प्रयास है।