महासमुन्द
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जारी किए आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 नवंबर। राज्य शासन द्वारा ग्रामीणों, कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महासमुंद जिले के में पांच नवीन धान खरीदी केंद्र खोले जाने की अनुमति दी है। विकासखंड सरायपाली में दो नवीन धान खऱीदी केंद्र आंवलाचक्का और बाराडोली में, बसना ब्लॉक के छंदनपुर व गढ़पटनी में खोला जाएगा। वहीं पिथौरा ब्लॉक में बरनाईदादर में भी एक केन्द्र खोला जाएगा।
इससे पहले तीन नवीन धान खऱीदी केंद्र महासमुंद विकासखंड सहित पिथौरा और बागबाहरा विकासखंडों के एक-एक ग्राम में खोलने की अनुमति दी गयी है। इनमें महासमुंद के ग्राम सलिहाभांठा, पिथौरा के ग्राम लोहराकोट और बागबाहर का बी के बाहरा शामिल है। राज्य शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन से इस आशय के आदेश कल बुधवार को जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि खरीदी केन्द्र में धान बिक्री हेतु निकटतम ग्रामों का निर्धारण कलेक्टर द्वारा किया जाएगा।
कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने सभी 8 नए धान खरीदी केन्द्र की आवश्यक तैयारी करने तथा नवीन खरीदी केंद्र में धान बिक्री के लिए निकटतम ग्रामों का निर्धारण करने के हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मालूम हो कि महासमुंद जिले में 8 नवीन खरीदी केंद्र अनुमति से पहले 152 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जाती थी। बीच में तीन नये धान खरीदी केन्द्र के खुल जाने से इसकी संख्या जिले में 155 धान उपार्जन केन्द्र हो गयी थी। अब 5 और नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति के बाद यह संख्या बढक़र 160 हो गई है। इससे आसपास के किसानों को अपनी उजप की बिक्री करने में सुविधा होगी।
जिले में इस वर्ष धान खरीदी की अनुमानित मात्रा 86 लाख क्विंटल से अधिक लक्ष्य निर्धारित है। इन उपार्जन केन्द्रों में बीते 1 नवंबर समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खऱीदी शुरू हुई है।