महासमुन्द
तय सीमा में भी नहीं बन पाया अस्थाई जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति से वंचित होने का सता रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 20 अक्टूबर। इन दिनों स्कूलों,कॉलेजों में विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र,निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही है, जिसके लिए विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फार्म भी सबमिट किया है, लेकिन विगत 15 दिनों में दो एसडीएम बदल जाने से जाति प्रमाण पत्र का कार्य पूरी तरह से चरमरा गई है और लोग परेशान हैं और उन्हें छात्रवृत्ति न मिलने का डर सताने लगा है, जाति प्रमाण पत्र का कार्य ठप हो जाने से लगभग 700 विद्यार्थियों का जाति प्रमाण का आवेदन लंबित है।
मिली जानकारी अनुसार स्कूलों व कालेजों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले छात्रवृत्ति के लिए आय,जाति,निवास प्रमाण पत्र की विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ रही है, जिसके लिए शिक्षा विभाग के द्वारा फार्म जमा करने तिथि घोषित किया गया है,तय दिनांक तक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए फार्म सबमिट करना है, जो छात्रवृत्ति के लिए पात्र हैं वे छात्र आय, जाति,निवास के लिए च्वाइस सेंटरों के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भी सबमिट कर दिये है, लेकिन इस बीच जाति प्रमाण पत्र जारी करने वाले दो अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के बदले जाने से जाति प्रमाण पत्र का कार्य पूर्ण रूप से ठप्प पड़ गया है। शासन के निर्देश अनुरूप ऑनलाइन आवेदन करने के 15 दिवस के अंदर विद्यार्थियों को अस्थाई जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाना रहता है, लेकिन इस 15 दिन में एसडीएम में बदल जाने व तीसरा एसडीएम आने के कारण जाति प्रमाण पत्र का कार्य बाधित हुआ है, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है और वे जाति व निवास प्रमाण पत्र के लिए चॉइस सेंटरों का चक्कर लगा रहे हैं। जानकारी मुताबिक आज दिनांक की स्थिति में अन्य पिछड़ा वर्ग के 291 आवेदन, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के 401 जाति प्रमाण पत्र ऑनलाइन आवेदन लंबित है, जबकि निवास प्रमाण पत्र के 338 आवेदन लंबित है।
छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन जरूरत
शैक्षणिक कार्य के लिए अब पूर्व बने आफलाइन जाति प्रमाण पत्र मान्य नहीं किए जा रहे हैं और ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र कि अनिवार्य किये जाने से पूर्व में ऑफलाइन जाति प्रमाण पत्र बनाने वाले विद्यार्थी खासे परेशान हैं,उन्हें उसी जाति प्रमाण पत्र को छात्रवृत्ति पाने दोबारा ऑनलाइन बनवाने समय,पैसा खर्च करना पड़ रहा है,छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन जाति व निवास प्रमाण पत्र की अनिवार्यता से विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र के लंबित आवेदन को निराकरण के लिए नए एसडीएम के पास मात्र 2 दिन का समय, 20,21 अक्टूबर शेष है,पश्चात 4 दिन 22-25 अक्टूबर तक दीपावली अवकाश के कारण पुन: जाति प्रमाण पत्र का कार्य प्रभावित होगा।
हालांकि जो विद्यार्थी अभी तक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं किए हैं उनके लिए 25 अक्टूबर तक का समय है, पश्चात 10 दिन के अंदर उन्हें आनलाईन, जाति,निवास प्रमाण पत्र छात्रवृत्ति के लिए कालेज व स्कूलों में जमा करना होगा।