महासमुन्द

आरक्षण में कटौती के खिलाफ छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज का प्रदर्शन
19-Oct-2022 2:21 PM
आरक्षण में कटौती के खिलाफ  छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज का प्रदर्शन

रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचे, घेराव किया, राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के बैनर तले मंगलवार को जिला मुख्यालय में बड़ा प्रदर्शन हुआ। इस दौरान आदिवसी समाज के सैकड़ों लोगों ने लोहिया चौक में आरक्षण में कटौती के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की व पदाधिकारियों ने जमकर भड़ास निकाली। सभा के बाद रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचे और घेराव किया। आदिवासियों ने विधान सभा का विशेष सत्र बुलाकर अनुसूचित जनजाति वर्ग का आरक्षण 32 प्रतिशत करने अध्यादेश लाने राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि 2005 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग की आबादी के अनुपात में आरक्षण के लिए दिशा-निर्देश देने के बावजूद छत्तीसगढ़ में आदिवासियों  को 32 प्रतिशत आरक्षण के लिए आंदोलन व संघर्ष करना पड़ा, तब 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने 2001 की जनगणना के आधार पर आदिवासियों को 32 प्रतिशत आरक्षण दिया।

इससे आदिवासी समाज को राज्य की सेवाओं व शैक्षणिक संस्थाओं में भागीदारी मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ था। अब हाईकोर्ट बिलासपुर ने तत्कालीन राज्य सरकार के फैसले जिसमें कुल आरक्षण 58 प्रतिशत देने के प्रावधानित फैसले को खारिज किया है तब से आदिवासी बहुल्य छत्तीसगढ़ के आदिवासियों में निराशा व हताशा है। दिए गए निर्णय में अनुसूचित जनजाति वर्ग की आबादी 32 प्रतिशत की सीमा को नहीं लांघा गया है जबकि अन्य वर्गों की आबादी के समानुपातिक आरक्षण से अधिक आरक्षण देने की सीमा को लांघा गया है। जिसका दुष्परिणाम  आदिवासी समाज को भुगतना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री से ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सरकार अविलंब अध्यादेश लाकर अधिसूचना जार कर अनुसूचित जनजाति के हितों की रक्षा करे।


अन्य पोस्ट