महासमुन्द
जानबूझकर आवंटन टालने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अक्टूबर। अस्थाई पटाखा दुकान आवंटन प्रक्रिया रद्द होने से सोमवार को शहर के पटाखा व्यापारी आक्रोशित हो गए और पालिका परिसर में सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। व्यापारियों का आरोप है कि सीएमओ ने जानबूझकर आवंटन प्रक्रिया को टाला है। नगर पालिका अध्यक्ष शहर से बाहर हैं, इसलिए सीएमओ ने बेवजह आवंटन की प्रक्रिया को रद्द कर दिया है।
व्यापारियों के प्रदर्शन के बाद सीएमओ ने मंगलवार को आवंटन की प्रक्रिया करने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया और कहा यदि मंगलवार को प्रक्रिया नहीं हुई तो व्यापारी स्वयं आवंटन कर दुकान लगाएंगे।
मालूम हो कि दीपावली पर्व के मद्देनजर हर साल की भांति इस साल भी हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में अस्थाई पटाखा दुकान लगेगी, लेकिन इसके लिए पालिका व्यापारियों को जगह आवंटित करती है। जगह आवंटन को लेकर पालिका की ओर से व्यापारियों को पत्र जारी हुआ था। पत्र के माध्यम से कल सोमवार को जगह आवंटित होना था, लेकिन सीएमओ ने अचानक अपरिहार्य कारण से आवंटन की प्रक्रिया रद्द कर दिया।
हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में अस्थाई पटाखा बेचने वाले व्यापारियों को दुकान का आवंटन आज मंगलवार को किया जाएगा। इस बार भी लॉटरी पद्वति से दुकान का आवंटन होगा। इस साल परिसर में करीब 55 दुकानें लगेंगी। दुकान आवंटन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। 55 दुकान की मार्किंग पालिका ने कर ली है, वहीं 2200 रुपए अमानत राशि भी पालिका ने व्यापारियों से जमा करा ली है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों की समस्या सुनी गई है।