महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 12 अक्टूबर। जिला निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली द्वारा जिले की मांग को लेकर विगत दिनों गढफुलझर में रामचण्डी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ज्ञापन सौंपा गया।
सरायपाली को जिला बनाने की मांग बहुत पुरानी है, कई बार मांग पत्र के साथ जिला निर्माण की मांग किया जा चुका है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ निर्माण से पहले सरायपाली का यह अंचल अविभाजित मप्र के रायपुर जिले में सम्मिलित था, किंतु महासमुंद को जिला बनाए जाने के बाद महासमुंद जिले में सम्मिलित हो गया। तब से लेकर आज पर्यंत सरायपाली को जिला बनाने की मांग लगातार कि जा रही है। जबकि इसके बाद जिले निर्माण की मांग करने वाले कई स्थानों में नए जिले बन भी गए, छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ में 16 जिले से बढक़र 33 जिले तक पहुंच गई है, जानकारी अनुसार 70 नए विकासखंड के अंतर्गत महासमुंद जिला के पटेवा, सांकरा, कोमाखान, भंवरपुर और छुईपाली शामिल है। जिसमें से यदि सांकरा, भंवरपुर और छुईपाली को तहसील बना दिया जाता है तो सरायपाली के जिला बनने की राह आसान हो जाएगी। सरायपाली जिला बनाने के लिए एक उपयुक्त स्थान है। क्योंकि यहां पर पर्याप्त मात्रा में सरकारी भूभाग उपस्थित है फिलहाल सरायपाली वर्तमान जिला महासमुंद के अंतर्गत आता है जो यहॉ से 120 किमी है। 15 अगस्त 26 जनवरी में सरायपाली को नए जिले बनने की आस लोगों को रहती है लेकिन हर बार सरायपाली को नजर अंदाज किया जा रहा है। अगर जल्दी ही सरायपाली को जिला घोषित नहीं किया गया तो इस क्षेत्र की जनता का क्रोध विभिन्न रणनीति के माध्यम से देखने को मिलेगा। जिले की मांग को लेकर जिला निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष तिलक साहू, संयोजक अनीता चौधरी, संरक्षक जयदेव भोई, ,टिकेश्वर मिश्रा, बन्टु साहू, पुर्णानन्द मिश्रा, किशोर रथ, रेखा पुरोहित, विवेक कर आदि उपस्थित रहे।