महासमुन्द

आदिवासी नाबालिग से मारपीट, थाना घेरा, आरोपी गिरफ्तार
14-Sep-2022 4:24 PM
आदिवासी नाबालिग से मारपीट, थाना घेरा, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 सितम्बर।
बकमा गांव निवासी अनुसूचित जनजाति के नाबालिग के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने गांव के चन्द्रपाल  चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने मारपीट करने वाली पुलिस और चंद्रपाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई तथा निलंबन की मांग की है।

इससे पहले मंगलवार शाम डॉ. चोपडा़ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने इसी मामले को  लेकर सिटी कोतवाली थाने का घेराव किया। थाना प्रभारी को अपनी मांग का ज्ञापन सौंपते चेतावनी भी दी गई कि कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के कुछ ही देर बाद चंद्रपाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

डॉ. चोपड़ा के मुताबिक विगत दिनों ग्राम बकमा के अनुसूचित जन जाति के वयस्क एवं नाबालिग के साथ पुलिस वालों एवं चन्द्रपाल  चंद्राकर ने पुलिस वाहन एवं कोतवाली थाने में मारपीट की है। झूठे प्रकरण बनाक र बच्चे पर कार्रवाई की गई है। बच्चे के पक्ष में अनुसूचित जनजाति समुदाय थाना पहुंचा था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

डा. चोपड़ा का कहना है कि नाबालिग को थाना लाना एवं उससे मारपीट करना पॉक्सो एक्ट का उलंघन है। उन्होंने कहा कि चन्द्रपाल चंद्राकर एवं पुलिस वालों पर पॉक्सो एक्ट पर कार्रवाई कर निलंबित किया जाए अन्यथा भाजपा वृहत आंदोलन कर करेगी।
कोतवाली थाना में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले ग्राम बकमा के चंद्रपाल चंद्राकर के खिलाफ  बकमा के ग्रामीणों ने भी कल मोर्चा खोल किया और अपनी मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां बच्चे पर दर्ज झूठी रिपोर्ट को खारिज करने एवं रिपोर्ट दर्ज कराने वाले पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

इस मामले में ग्रामीण पुनऊ राम, गंगाराम निर्मलकर आदि ने बताया कि गांव में गणेश विसर्जन का कार्यक्रम था। रास्ते में भीड़ थी, जिसमें होकर चंद्रपाल गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी कार के लिए गांव वाले रास्ता छोड़ दें तो प्रार्थी ने कहा कि बस थोड़ी देर रुकिए। इसके बाद चंद्रपाल अपनी कार से उतरे और बच्चे की पिटाई कर दी। बीच बचाव के लिए पहुंचे बच्चे के पिता के साथ भी हाथापाई की गई। उल्टा आरोपी ने ही महेश ध्रुव, उनके पुत्र नाबालिग युवराज ध्रुव, राहुल यादव व संजय यादव के खिलाफ  सिटी कोतवाली में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।

थाने में भी पुलिस आरै चंद्रपाल ने बच्चे की पिटाई की। इस मारपीट से बच्चे को गंभीर चोट आई है। 


अन्य पोस्ट