महासमुन्द
महासमुंद, 19 जून। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, जिलास्तरीय रिव्यू समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में कल शनिवार को आहुत हुई। इसमें कलेक्टर ने बैंकर्स को कृषकों, तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं पेंशनर्स के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का त्वरित निपटान करने को कहा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद सच्चिदानंद उपस्थित थे। कलेक्टर ने जिले में बैंकिंग के विकास एवं प्रगति के संबंध में बृहत मुद्दों पर चर्चा की।
इस बीच उन्होंने कहा कि बैंकर्स अपने हितग्राहियों को और अच्छा वातावरण दें। बैंकर्स जिले के विकास में सहयोग के लिए काम में तेजी लाएं। उन्होंने बैंकर्स को कार्य संपादन में हर तरह का सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी गजेंद्र साहू, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक प्रियव्रत साहू, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनुराग श्रीवास्तव के अलावा विभिन्न बैंकों के जिला संयोजक एवं विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।