महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 मई। डीलिस्टिंग अर्थात धर्मांतरित व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर करने की मांग को लेकर जनजाति सुरक्षा मंच के नेतृत्व में रविवार को विशाल जनजाति सम्मेलन सभा का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित पटवारी कार्यालय के सामने किया गया।
मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता झारखंड की मेघा उंराव ने कहा कि इस मंच का एकमात्र उद्देश्य जनजाति समाज में से धर्मांतरित होकर अपने पूर्वजों के धर्म को छोडक़र आरक्षण का लाभ लेने वालों के विरुद्ध आवाज उठाना है और असली जनजाति समाज को उनका हक और अधिकार दिलाना है।
सभा में संयोजक चन्द्रशेखर नाग ने कहा कि धर्मांतरित लोग जो अपनी संस्कृति, आस्था परंपरा को त्यागकर अन्य समुदाय के हो गए हैं। इन व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। सभा के बाद मंच के पदाधिकारियों व सभा में पहुंचे विभिन्न गांवों से आए समाज के लोगों ने शहर में रैली निकाली।
प्रांत अध्यक्ष, वनवासी विकास समिति उमेश कश्यप ने बताया कि हमारे संविधान के अनुच्छेद 341 में जो प्रावधान अनुसूचित जाति के लिए है, वही नियम हम अनुच्छेद 342 में अनुसूचित जनजाति के लिए चाहते हैं। इस कार्यक्रम में सभी विकासखंड, जिला और प्रांत स्तर के जनजाति पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
जिनमें गणेशराम ध्रुव, सुरेंद्र मरकाम, डेजीरानी नेताम, धरमसिंह दीवान, राधेश्याम ध्रुव, सनकादिक ध्रुव, थानसिंह दीवान,श्याम ध्रुव, प्रहलाद ध्रुव, भोलसिंह सिदार, विद्याधर विशाल, संतु राम कमार, श्यामलाल छैदेहा, गुलाल बरिहा, बरतराम नागेश, चंद्र साय सिदार, ईश्वर प्रसाद ध्रुव, अखिलेश भोई, पंचराम गहिर, यज्ञराम सिदार, ईश्वर ध्रुव, संतोष ध्रुव, सरजूराम ध्रुव, मनोज बिशी, मुकेश बुड़ेक थे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर ध्रुव ने किया। आभार प्रदर्शन चेतन ठाकुर ने किया।