महासमुन्द

स्कूल-सूने मकान में चोरी नगदी-सामान पार
13-Feb-2022 4:00 PM
स्कूल-सूने मकान में चोरी नगदी-सामान पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 फरवरी।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटना सामने आई हैं। अज्ञात चोरों ने एक स्कूल व सूने मकान को निशाना बनाया है और दोनों ही स्थानों से चोरों ने 13 हजार रुपए नगद व सामान को चोरी की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है। घटना जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना व तुमगांव की है। पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गईए लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक 8 दलदली रोड नयापारा बजरंग चौक निवासी बिसाहिन बाई पति भूषण सोनवानी 5 फरवरी को घर में ताला लगाकर बहन की शादी में ओडिशा गए थे। 12 फरवरी की सुबह 10 बजे जब परिवार वापस लौटा तो सामने गेट में लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। जब वे भीतर पहुंचे तो 1 नग सिलेंडर पेटी में रखे कांसा की थालीए डिनर सेटए कढ़ाई, टुल्लू पंप, पाइप, आलमारी में रखे 30 नग चांदी के सिक्के, तीन नग पायल कुल 10 हजार व 13000 रुपए नकद नहीं थे।

इसी तरह ग्राम भोरिंग के हायर सेकेंडरी स्कूल में सुरक्षा के लिए लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरे को अज्ञात चोरों ने चुरा लिया। स्कूल के प्राचार्य दुलार राम ध्रुव ने थाने में शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है। प्राचार्य ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल ग्राम भोरिंग के बाहरी दीवार में लगे दो सीसीटीवी कैमरे को किसी अज्ञात ने चोरी कर लिया है और एक कैमरे को तोडक़र वहीं फेंक दिया है। टूटे कैमरे की कीमत 3500 और चोरी हुए दोनों कैमरों की कीमत करीब 10500 रुपए है। एक स्ट्रीट लाइट को भी चोरी कर लिया गया है। तुमगांव थाना प्रभारी हर्ष धुरंधर ने बताया कि चोरों की हरकत कैमरे के डीवीआर में कैद है,लेकिन चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। मामले की जांच जारी है।
 


अन्य पोस्ट