ताजा खबर

सौ साल पुराने फारसी कब्रिस्तान पर अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम तेज
17-Jun-2026 9:46 PM
सौ साल पुराने फारसी कब्रिस्तान पर अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम तेज

समुदाय के लोग जल्द मुंबई से आएंगे, और प्रशासन से....

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 13 जून।
पचपेड़ी नाका के समीप 100 वर्ष पुराने कब्रिस्तान भूमि पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण की जानकारी मिलने के बाद पारसी समुदाय के लोग मुंबई से यहां पहुंच रहे हैं। यही नहीं, कब्रिस्तान के आसपास के कॉलोनीवासियों ने सीएम विष्णु देव साय को ज्ञापन देकर अतिक्रमण पर कार्रवाई का आग्रह किया है।

शहीद पंकज विक्रम वार्ड स्थित कब्रिस्तान लंबे समय से पारसी समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित रहा है। बताया गया कि कुछ लोगों ने परिसर में 100 से अधिक पेड़ काट दिए हैं तथा जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण संबंधी गतिविधियां शुरू कर दी हैं। यह बताया गया कि पारसी समुदाय के लोग मुंबई शिफ्ट हो चुके हैं, यहां एक भी व्यक्ति नहीं है। इसका फायदा उठाकर अवैध कब्जे की कोशिश चल रही है।

कब्रिस्तान के पास की एसबीआई कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि इस ऐतिहासिक विरासत के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह महत्वपूर्ण धरोहर नष्ट हो सकती है। इन सबके बीच वार्ड पार्षद स्वप्निल मिश्रा ने आज वहां पहुंचकर जोन कमिश्नर को अतिक्रमण रोकने के लिए कार्रवाई की हिदायत दी है।

बताया गया कि कब्रिस्तान को बचाने के लिए पारसी समुदाय के लोग जल्द ही यहां आएंगे और प्रशासन से मिलकर हस्तक्षेप का आग्रह करेंगे।

इधर, कॉलोनीवासियों की मांगों में कब्रिस्तान भूमि की तत्काल जांच, अवैध कब्जों और निर्माण कार्यों पर रोक, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, भूमि का सीमांकन कर उसे राजस्व अभिलेखों में संरक्षित दर्जा देने तथा भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। इस मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट