ताजा खबर

पीएम सेतु योजना : आईटीआई होंगे आधुनिक
17-Jun-2026 8:57 PM
पीएम सेतु योजना : आईटीआई होंगे आधुनिक

एआई और ड्रोन तकनीक का मिलेगा प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 जून। केंद्र सरकार की पीएम-सेतु  योजना के तहत प्रदेश के सरकारी आईटीआई को आधुनिक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन और अन्य उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए आईटीआई में पुरानी मशीनों के स्थान पर नई तकनीक आधारित उपकरण लगाए जाएंगे तथा डिजिटल कंटेंट और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक में योजना के तहत चयनित आईटीआई के उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आईटीआई उन्नयन तथा उद्योग-नेतृत्व वाले एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स के चयन हेतु पात्रता मानदंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही अभिरुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) प्रक्रिया में भाग लेने वाले उद्योगों, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य पात्र संस्थाओं को प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अवसर देने संबंधी पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स को जोड़ने के लिए जारी किए जाने वाले ड्राफ्ट प्रस्ताव आमंत्रण दस्तावेज पर भी चर्चा हुई।

बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसवराजु एस. सहित वित्त, श्रम, स्कूल शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल, रोजगार एवं प्रशिक्षण, सीआईआई तथा भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता महानिदेशालय के अधिकारियों ने भाग लिया।


अन्य पोस्ट