ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 17 जून। सरगुजा जिले के अंबिकापुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुल्हाड़ी में बुधवार सुबह जंगली हाथी के हमले से वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 70 वर्षीय कैलाशो बाई के रूप में हुई है, जो जंगल से डोरी (वन उपज) एकत्र कर घर लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार, कैलाशो बाई सुबह गांव के समीप स्थित जंगल में डोरी बीनने गई थीं। लौटते समय उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। अचानक सामने आए हाथी से बचने का मौका नहीं मिलने पर वह उसकी चपेट में आ गईं। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण हाथी को देखकर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की है।
वन अधिकारियों के अनुसार, यह वही हाथी है जो सूरजपुर जिले के अखोरा क्षेत्र से भटककर कुल्हाड़ी के जंगलों में पहुंचा है। बताया जा रहा है कि यह हाथी पहले भी सूरजपुर क्षेत्र में चार लोगों की जान ले चुका है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।


