ताजा खबर
सोलर सैनिटरी किट को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 17 जून। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में सूरजपुर जिले की एक छात्रा ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर प्रदेश और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल करवां की छात्रा गीता सिंह द्वारा विकसित सोलर सेनेटरी किट आज नवाचार और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।
महज एक हजार रुपये से कम लागत में तैयार इस मॉडल का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को बेहतर बनाना है। गीता सिंह द्वारा विकसित यह सौर ऊर्जा आधारित किट सैनिटरी पैड और अन्य उपयोगी कपड़ों को प्रयोग से पहले जीवाणुमुक्त करने का कार्य करती है। यह बैक्टीरिया को नष्ट कर संक्रमण की संभावनाओं को कम करने में सहायक है, जिससे विशेष रूप से माहवारी और प्रसव के दौरान महिलाओं को लाभ मिल सकता है।
गीता सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वच्छता संबंधी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। एक छात्रा और महिला होने के नाते उन्होंने इन समस्याओं को करीब से देखा और उनके समाधान के लिए यह मॉडल विकसित किया। उनके इस अभिनव प्रयास को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, वहीं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी द्वितीय स्थान हासिल कर इस मॉडल ने विशेष पहचान बनाई है।
छात्रा ने बताया कि उनके नवाचार में अन्य राज्यों की भी रुचि बढ़ रही है। कर्नाटक सहित रायपुर के एक विद्यालय ने इस मॉडल को अपने यहां स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सूरजपुर प्रवास के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने छात्रा के इस नवाचार की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने गीता सिंह के मॉडल की सराहना करते हुए उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता की प्रशंसा की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
गीता सिंह की यह उपलब्धि न केवल जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह भी साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, वैज्ञानिक सोच और नवाचार के बल पर ग्रामीण अंचलों से भी राष्ट्रीय स्तर की सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।


