ताजा खबर
मूलभूत सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी-साय
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 17 जून। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों ने बुधवार को आयोजित भव्य समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सरगुजा सांसद सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हाल ही में संपन्न नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष पद सहित सात वार्डों में जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल और भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया था।
निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटे विलंब से शिवनंदनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों को लाभान्वित किया। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत उद्बोधन में कलेक्टर रेना जमील ने बताया कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत का गठन 31 अक्टूबर 2024 को किया गया था। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
इसके बाद एसडीएम सूरजपुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सातों भाजपा पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के गठन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्प समय में ही मुख्यमंत्री ने नगर के विकास के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत कर विकास की आधारशिला रख दी है। उन्होंने भटगांव विधानसभा एवं नगर पंचायत के निरंतर विकास के लिए आगे भी सहयोग की अपेक्षा जताई। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताकर नगर पंचायत में भाजपा की सरकार बनाई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से नगर के विकास कार्यों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, पानी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 18 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की गई है और अब तक 10.60 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की 17 लाख महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 28 किस्तें भेजी जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। सीएम ने इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश गुप्ता की मांग पर वार्ड क्रमांक छह में मंगल भवन निर्माण की मंजूरी मंच से दी।
कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के कमिश्नर, आईजी सरगुजा रेंज, कलेक्टर सूरजपुर, जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मिले सीएम
शिवनंदनपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम सतपता निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुप्ता के निवास पहुंचे, जहां परिवारजनों ने उनका शाल-श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद वे वार्ड क्रमांक-8 से भाजपा प्रत्याशी रहे अमित मित्तल के घर पहुंचे और चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई देते हुए हार से निराश न होने की सलाह दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री अपने ओएसडी रवि मिश्रा के निवास पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और कुशलक्षेम जाना। बाद में वे हेलीकॉप्टर से गरियाबंद के लिए रवाना हो गए।
कांग्रेसी पार्षदों ने अलग से ली शपथ
इस भव्य आयोजन को भाजपा का आयोजन बता कांग्रेसी पार्षद शपथ समारोह से दूर रहे । उन्होंने दोपहर बाद नगर पंचायत में शपथ ली। एसडीएम ने सभी आठ कांग्रेसी पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।


