ताजा खबर
छीना-झपटी में स्कूटी से गिरकर जख्मी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
लखनपुर, 17 जून। लखनपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिला सहकारी बैंक से धान बोनस की राशि निकालकर घर लौट रही एक युवती से बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने 38 हजार रुपये से भरा थैला छीन लिया। घटना के दौरान हुई छीना-झपटी में युवती चलती स्कूटी से सड़क पर गिर गई, जिससे उसे चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमलभि_ी महादेवपारा निवासी 24 वर्षीय सविता सिंह अपने भाई आशीष सिंह और बाबा आनंदी राम सिंह के साथ बुधवार दोपहर करीब 12.45 बजे लखनपुर स्थित जिला सहकारी बैंक से धान विक्रय बोनस की 38 हजार रुपये की राशि निकालकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चंदनई नदी के पास स्थित अटल परिसर चौक के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने युवती के हाथ में रखा थैला झपट लिया।
थैले में नगद 38 हजार रुपये के अलावा मोबाइल फोन और आवश्यक दस्तावेज भी रखे हुए थे। अचानक हुई इस वारदात से युवती संतुलन खो बैठी और चलती स्कूटी से सड़क पर गिर गई। हादसे में उसे चोटें आईं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला सहकारी बैंक से नकदी निकालकर लौटने वाले ग्रामीणों को पहले भी बदमाश निशाना बना चुके हैं। ऐसे में बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग उठ रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


