ताजा खबर

डीएमएफ घोटाला: पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष के ठिकानों पर ईडी का छापा
16-Jun-2026 8:21 PM
डीएमएफ घोटाला: पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष के ठिकानों पर ईडी का छापा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

अंबिकापुर, 16 जून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) घोटाले की जांच के सिलसिले में मंगलवार सुबह सरगुजा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के अंबिकापुर स्थित प्रतिष्ठान मॉनसून एग्रो एजेंसी पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने एजेंसी में मौजूद दस्तावेजों और अभिलेखों की गहन जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार रिंग रोड स्थित गंगापुर क्षेत्र में संचालित मॉनसून एग्रो एजेंसी में सुबह से ही ईडी की टीम पहुंची और दस्तावेजों की पड़ताल में जुट गई। प्रारंभिक तौर पर यह कार्रवाई डीएमएफ फंड में कथित अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की जांच से जुड़ी बताई जा रही है।

छापे की सूचना मिलते ही कांग्रेस संगठन और राकेश गुप्ता के समर्थकों में हलचल बढ़ गई। एजेंसी में कृषि उपकरण एवं खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न उत्पादों का कारोबार किया जाता है। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य सामग्री जब्त की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर परिसर के बाहर सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। सूत्रों के अनुसार ईडी अधिकारी राकेश गुप्ता तथा उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रहे हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान डीएमएफ फंड में कथित घोटाले का मामला सामने आने के बाद ईडी प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अंबिकापुर में यह छापेमार कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट