ताजा खबर

शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड में काम्प्लेक्स के लिए टेंडर जारी
16-Jun-2026 8:06 PM
शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड में काम्प्लेक्स के लिए टेंडर जारी

रिडेवलपमेंट स्कीम: चार और परियोजनाओं को भी मंजूरी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जून। सरकार की रिडेवलपमेंट नीति के तहत राज्य के शहरों में पांच प्रमुख परियोजनाओं के विकास के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। हाउसिंग बोर्ड इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन करेगा।

आवास एवं पर्यावरण विभाग को इस योजना का नोडल विभाग बनाया गया है। परियोजनाओं के लिए प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट (पीपीआर) और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किए जा चुके हैं। निजी डेवलपर्स के चयन के लिए पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाई गई है।

मंत्रिपरिषद से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद 27 मई 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पांचों परियोजनाओं के अंतिम स्वरूप को मंजूरी दी गई। प्रस्तावित परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल करीब 19.14 एकड़ है और वर्ष 2025-26 की संशोधित गाइडलाइन दरों के आधार पर इनकी अनुमानित कीमत लगभग 250.30 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ये परियोजनाएं रायपुर के बीटीआई रोड शंकर नगर, महासमुंद के क्लब पारा, राजनांदगांव के कैलाश नगर, कोरबा के कटघोरा तथा जगदलपुर के चांदनी चौक फेज-2 क्षेत्र में विकसित की जाएंगी।

राजधानी रायपुर में प्रस्तावित परियोजना को विशेष महत्व का माना जा रहा है। शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड के सामने और सिंधु भवन के समीप स्थित यह क्षेत्र शहर के प्रमुख शैक्षणिक, प्रशासनिक, व्यावसायिक और आवासीय केंद्रों में शामिल है। परियोजना के विकसित होने से यहां आधुनिक अधोसंरचना का विस्तार होगा और शासकीय परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

रिडेवलपमेंट मॉडल के तहत जर्जर और अनुपयोगी शासकीय परिसंपत्तियों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त अधोसंरचना विकसित की जाएगी। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा, बल्कि शासकीय भूमि के मूल्य का उपयोग ही वित्तीय संसाधन के रूप में किया जाएगा। इससे सरकारी भूमि का बेहतर उपयोग होने के साथ राज्य को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। रिडेवलपमेंट नीति के माध्यम से जर्जर और अनुपयोगी शासकीय परिसंपत्तियों को आधुनिक एवं उपयोगी अधोसंरचना में बदला जाएगा, जिससे शहरों की कार्यक्षमता और सौंदर्य दोनों में वृद्धि होगी।

गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि यह पहल केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों के समग्र कायाकल्प का प्रयास है। उन्होंने शंकर नगर स्थित प्रस्तावित परियोजना को रायपुर के लिए आदर्श शहरी विकास मॉडल बताया।

मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने मंगलवार को आयोजित टीएल बैठक में परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आगामी रिडेवलपमेंट की आठ नई परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।


अन्य पोस्ट