ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 जून। केसिंगा ओडिशा से नशीली दवाई रायपुर ले जा रहे 3 आरोपियों को पकडऩे में महासमुंद पुलिस को सफलता मिली है।
आज सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद से जारी खबर के अनुसार ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर नाकेबंदी कर 3 तस्करों से 815 नग नशीली केप्सूल कीमती 9321 रुपए, एक मोटर साइकिल कीमती 30 हजार रुपए तथा 4 मोबाइल कीमती 33 हजार रुपए समेत कुल 72 हजार 321 रुपए बरामद की गई है।
जारी खबर के अनुसार थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से महासमुंद होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर एक मोटरसाइकिल में 3 लोग नशीली दवाई का परिवहन कर रहे हैं। उक्त सूचना पर छत्तीसगढ़ ओडिशा बार्डर पर नाकेबंदी की गई और उक्त मोटर साइकिल को रोका गया।
उसमें सवार तीनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम पता गोविन्द शर्मा उर्फ राजू शर्मा रायपुर, राकेश जंघेल तथा कमलेश कुमार तीनों निवासी रायपुर बताया।
मोटरसाइकिल जांच के दौरान उसमें काफी तादात में नशीली टैबलेट मिली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उक्त नशीली टेबलेट को केसिंगा ओडिशा से खरीदकर स्वयं के खाने के लिये और खपाने के लिए रायपुर ले जा रहे थे। सभी आरोपी के विरूद्ध धारा सदर का अपराध घटित करना पाये जाने पर अपराध क्र. 90-2026 धारा 21 एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया।


