ताजा खबर
बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त छापेमारी, 14.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 16 जून। बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने चोरी के रेलवे सामान से भरा कबाड़ जब्त किया है। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए कबाड़ और वाहनों की कुल कीमत 14 लाख 25 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
15 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि बिल्हा निवासी इमरान कुरैशी अपने कबाड़ गोदाम में बड़ी मात्रा में चोरी का सामान वाहनों में लोड करवा रहा है। सूचना के आधार पर बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान गोदाम परिसर और वहां खड़े एक छोटा हाथी वाहन तथा एक पिकअप वाहन की तलाशी ली गई। जांच में रेलवे लाइन में उपयोग होने वाले लोहे के लाइनर, की, एंगल, प्लेट, रॉड, पाइप और कांटेदार तार समेत बड़ी मात्रा में सरकारी रेलवे सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा अन्य लोहे का कबाड़ भी मिला।
पुलिस ने जब सामान से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद 83 क्विंटल 15 किलोग्राम लोहे का कबाड़ और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चोरी का माल खरीदने और उसका कारोबार करने में संलिप्त थे।
इस मामले में इमरान कुरैशी, मनीष सागर, राज साहू, चंदन सवरा, बिरजू मरावी, रामअवतार सवरा और गोलू चौरसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा रेलवे संपत्ति अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उनको गिरफ्तार किया गया है।


