ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 16 जून। कोरबा में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के बेटे को बोलेरो वाहन से कुचलकर मार डालने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, यातायात थाना में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू 6 जून की रात करीब 1:28 बजे अपने दोस्तों शुभम सिंह बघेल, साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर के साथ मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बायपास मार्ग पर मौजूद थे।
इसी दौरान एक बोलेरो वाहन में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच रास्ता देने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बोलेरो सवार युवकों ने चंद्रमणि रात्रे को वाहन से कुचल दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि को उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की।
लगातार प्रयासों के बाद जांच में सक्ती जिले के हाल मुकाम कुसमुंडा निवासी 22 वर्षीय राजेंद्र साहू उर्फ कुणाल साहू की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेंद्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (क्रमांक सीजी 12 बीडी 5025) को जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन क्षेत्र में हुई एक डकैती की घटना में भी शामिल था। यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। उस डकैती कांड में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा वारदात में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटर भी जब्त किए जा चुके हैं।


