ताजा खबर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख़्त ने 'ख़ालसा पंथ विरोधी' और 'गुरु दोषी' करार दिया है. आम आदमी पार्टी ने इस फ़ैसले पर अपनी प्रतिक्रिया जारी की है.
पार्टी के महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि वीडियो में नज़र आ रहा शख़्स कौन है.
बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा है कि जिस वीडियो की फ़ॉरेंसिक जांच करवाई गई वो असली है, एआई के ज़रिए नहीं बनाया गया. हालांकि न तो उन्होंने बताया और न ही इसका रिपोर्ट में ज़िक्र है कि उस वीडियो में असल में कौन है?"
उन्होंने दावा किया, "हम जल्द ही इस वायरल वीडियो का दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे."
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफ़े की मांग की है.
कांग्रेस ने कहा, "इस फ़ैसले के बाद भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है. श्री अकाल तख़्त साहिब की मर्यादा और सिख भावनाओं का सम्मान करते हुए, भगवंत मान को तुरंत इस्तीफ़ा दे देना चाहिए." (bbc.com/hindi)


