ताजा खबर

काम में लापरवाही पर अफसरों पर हो कार्रवाई
15-Jun-2026 9:55 PM
काम में लापरवाही पर अफसरों पर हो कार्रवाई

विकास कार्यों में देरी पर भड़कीं महापौर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जून। महापौर मीनल चौबे ने विकास कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर अधिकारियों और अभियंताओं को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि ठेकेदारों पर कार्रवाई हो सकती है तो कार्यों की गंभीर निगरानी नहीं करने वाले अधिकारियों और अभियंताओं पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को करीब छह घंटे तक चली जोनवार समीक्षा बैठक में महापौर ने विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। कार्यादेश जारी होने के बावजूद कई विकास कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

महापौर ने कहा कि नागरिक सुविधाओं के लिए स्वीकृत सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराना नगर निगम मुख्यालय और जोन स्तर के अधिकारियों एवं अभियंताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपर आयुक्त को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।

बैठक के दौरान करबला तालाब विकास योजना के कार्यों में लापरवाही और मेजरमेंट बुक (एमबी) में पाई गई त्रुटियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नगरोत्थान मद, अधोसंरचना मद, 15वें वित्त आयोग, केंद्र एवं राज्य प्रवर्तित योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री घोषणा, सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर निधि, पार्षद निधि, सामान्य निधि, संधारण मद और विकास शुल्क से संचालित कार्यों की जोनवार एवं मदवार जानकारी ली गई।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों की सूची तैयार कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाए और आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान सहित सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता और ठेकेदार उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट