ताजा खबर
तिल्दा नेवरा में भारी बवाल
रायपुर, 15 जून। राजस्व मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में आने वाले तिल्दा नेवरा के वार्ड 22 में अवैध उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर जानलेवा हमले का प्रयास और अभद्र व्यवहार किया गया है।
सोमवार दोपहर 2:00 बजे तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के एक निजी रेस्टोरेंट में उस वक्त जमकर हंगामा हुआ जब खनिज विभाग के अधिकारी वहां मौजूद थे।
सूत्रों से रायपुर में मिली जानकारी के मुताबिक, जांच टीम के अधिकारियों के ऊपर आज एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। सूत्रों का दावा है कि कुछ रसूखदार और प्रभावशाली लोगों द्वारा अधिकारियों पर लाठी-डंडे और सीधे बंदूकें तक तान दी गई थीं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में रेस्टोरेंट के भीतर खाना खा रहे खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ भाजपा समर्थित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला के पति खुमान वर्मा गालियां देते और हिंसक विवाद करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले जैसे ही खनिज विभाग की गाड़ी वार्ड 22 में पहुंची थी, अवैध उत्खनन करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया था। सरकारी अधिकारियों के साथ दिनदहाड़े हुए इस दुर्व्यवहार और रसूखदारों की गुंडागर्दी को लेकर जन सामान्य में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस पूरे मामले में पुलिस और खनिज विभाग के उच्च अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कानूनी कार्रवाई का इंतजार है।


