ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
वाड्रफनगर/बलरामपुर, 15 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोटराही जंगल में रविवार दोपहर एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल जा रही थी, तभी तीन युवकों ने उन्हें रोककर जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया। घटना के बाद पुलिस ने तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बसंतपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए कोटराही जंगल के रास्ते पैदल जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने दोनों से पूछताछ करने के बाद धमकाते हुए जंगल के भीतर ले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवती के भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया और उसके सामने ही युवती के साथ रेप किया। इतना ही नहीं, दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को फोन कर मौके पर बुलाया। वहां पहुंचने के बाद तीसरे युवक ने भी युवती के साथ रेप किया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद किसी तरह युवती और उसका भाई वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने देर शाम तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी हैं।
वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह ने बताया कि पीडि़ता द्वारा आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है। पीडि़ता तथा आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


