ताजा खबर
21 जून को होगी परीक्षा, तैयारी में जुटे अफसर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 15 जून। जगदलपुर शहर के अलग-अलग सेंटरों में 21 जून को नीट की परीक्षा होगी। परीक्षा को देखते हुए प्रशासन के द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं नीट के प्रश्नपत्र को वायुसेना के विमान से जगदलपुर लाया गया है, जिसे सुरक्षित कमरे में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है।
सोमवार की सुबह जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का पहरा बिछाया गया था। अंदर से लेकर बाहर तक सुरक्षा बल के जवानों ने पूरी तरह से एयरपोर्ट की घेरेबंदी कर रखे हुए थी। जैसे ही वायुसेना के विमान जगदलपुर एयरपोर्ट में उतरा। जवानों ने पूरी तरह से उसे घेर लिया। वायुसेना के विमान के अंदर से बंद पेटियों में नीट परीक्षा के पर्चे ले जाए जा रहे थे।
आला अधिकारियों का कहना है कि नीट परीक्षा के लिए सुरक्षित ठिकाने तक परीक्षा पत्र को ले जाया जा रहा है। इस प्रश्नपत्र को भी सही जगह ले जाने के लिए भी पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिस वाहन में पर्चे रखे गए थे। उस वाहन के आगे व पीछे भी जवानों की गाडिय़ां दौड़ रही थी।


