ताजा खबर
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : 17 जोड़ों का विवाह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जगदलपुर के टाउन हॉल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 17 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। समारोह की विशेष बात यह रही कि नवविवाहित जोड़ों में दो आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल थे, जिन्होंने मुख्यधारा से जुडक़र नया जीवन शुरू करने का संकल्प लिया।
कभी जंगलों में हथियार लेकर सक्रिय रहे इन आत्मसमर्पित नक्सलियों ने अब पारिवारिक जीवन अपनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से विवाह समारोह में भाग लिया और अपने जीवन की नई शुरुआत की।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव तथा छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को सामाजिक समरसता तथा कमजोर वर्गों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में परिजन और नागरिक भी मौजूद रहे।



