ताजा खबर
सीएम का जन आंदोलन रूप देने आहृवान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जनप्रतिनिधियों से 16 जून से 27 जून तक आयोजित होने वाले शाला प्रवेश उत्सव में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। उन्होंने इस संबंध में मंत्रीगण, सांसदों, विधायकों, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्षों, महापौरों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त आधार है तथा यह सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बालक-बालिका का विद्यालय में प्रवेश और नियमित अध्ययन सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में पहुंचकर अभियान में सहभागी बनने तथा ऐसे बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, जो अभी तक स्कूल से नहीं जुड़े हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान व्यापक जनसमर्थन प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा रहा है। वहीं वर्ष 2026 से 150 विवेकानंद विद्यालयों की स्थापना कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानक स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शासकीय विद्यालयों को आधुनिक और तकनीक-संपन्न बनाया जा रहा है। विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा बालिकाओं को सरस्वती साइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और जनभागीदारी से शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाते हुए प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।


