ताजा खबर

देखें VIDEO: केशकाल घाट में पलटा ऑक्सीजन टैंकर
15-Jun-2026 11:41 AM
देखें VIDEO:  केशकाल घाट में पलटा ऑक्सीजन टैंकर

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

केशकाल, 15 जून। केशकाल घाट में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर घाट के पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक की तत्परता और अनुभव के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।

ब्रेक फेल होते ही चट्टान से टकराकर पलटा टैंकर
जानकारी के अनुसार ऑक्सीजन टैंकर जगदलपुर से ऑक्सीजन लेकर रायपुर होते हुए ओडिशा के झालागुड़ा जा रहा था। इसी दौरान केशकाल घाट के पहले मोड़ पर वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन टैंकर चट्टान से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया।

चालक ने दिखाई सूझबूझ

टैंकर चालक उदय कुमार ठाकुर (52 वर्ष), निवासी बिहार ने बताया कि वह वर्ष 1995 से ऑक्सीजन टैंकर चला रहे हैं। हादसे के बाद उन्होंने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और बिना देर किए टैंकर की सुरक्षा नली खोल दी। इससे ऑक्सीजन नियंत्रित रूप से बाहर निकलती रही और टैंकर के भीतर दबाव नहीं बढ़ पाया।
चालक ने बताया कि यदि टैंकर की नली समय पर नहीं खोली जाती तो अंदर गैस का दबाव बढ़ सकता था, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका थी। वर्षों के अनुभव और त्वरित निर्णय के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। चालक ने कहा कि ऑक्सीजन टैंकर चलाना अत्यंत जिम्मेदारी और अनुभव का कार्य है।

मौके पर पहुंची पुलिस, वन-वे व्यवस्था से यातायात बहाल

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर दुर्घटनास्थल के आसपास यातायात को नियंत्रित किया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। टैंकर पलटने के कारण कुछ समय के लिए केशकाल घाट में यातायात प्रभावित रहा। हालांकि पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की सक्रियता से वन-वे व्यवस्था लागू कर वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई। वर्तमान में घाट मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से जारी है।

क्रेन से हटेगा टैंकर, दूसरी गाड़ी में शिफ्ट होगी ऑक्सीजन

प्रशासन द्वारा पलटे हुए टैंकर को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं टैंकर में शेष बची ऑक्सीजन को सुरक्षित तरीके से दूसरे टैंकर में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार के खतरे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।


अन्य पोस्ट