ताजा खबर
संत गाडगे जयंती और कन्नौजिया रजक समाज सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत गाडगे जयंती समारोह एवं कन्नौजिया रजक समाज सम्मेलन में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने जिले में 41 करोड़ 68 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बनने और पूर्ण हो चुकी कुल छह सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होती है, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ 95 लाख 68 हजार रुपये की लागत से तैयार चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें चकरभाठा-दगोरी पहुंच मार्ग, एफसीआई गोदाम परिसर के भीतर सड़क निर्माण, हिर्री-बिल्हा पहुंच मार्ग तथा दगोरी मुख्य मार्ग से मोहतरा तक पहुंच मार्ग शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों के लोगों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 15 करोड़ 72 लाख 80 हजार रुपये की लागत वाली दो नई सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया। इनमें दर्री-धूमा-शिल्पहारी मार्ग तथा हथनी-नवागांव-गोधी-उदगन सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही कृषि उपज, स्थानीय व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा महापौर पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


