ताजा खबर
पत्रकार वार्ता लेकर भाजपा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 जून। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल को भारत के लिए स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं को कभी शासक नहीं, बल्कि प्रधान सेवक माना है। उनके नेतृत्व में देश विकास, आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए शिखरों तक पहुंचा है।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिला इकाई द्वारा रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में जैन ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।
नंदन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऐसा भारत उभरकर सामने आया है जो किसी को उकसाता नहीं, लेकिन देश के खिलाफ कार्रवाई करने वालों को जवाब देने में भी पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की आर्थिक, सामाजिक और सामरिक स्थिति को मजबूत करने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
जैन ने बताया कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बड़ी आबादी को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं और उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है। जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना और सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। वहीं आदिवासी समुदायों के विकास के लिए भी केंद्र सरकार ने बड़े बजट का प्रावधान किया है।
जैन ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान मिली है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, राष्ट्रीय समर स्मारक और नए संसद भवन जैसे कदम इसी सोच का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक भरोसेमंद और समाधान प्रस्तुत करने वाले देश के रूप में स्थापित हुआ है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, विदेशी निवेश में वृद्धि और कई देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते इसकी मिसाल हैं।
नंदन जैन ने कहा कि 10 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में दर्ज हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं। साथ ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिली मान्यताओं और वैश्विक लोकप्रियता को भी उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की उपलब्धि बताया।


